यमुना एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर 55 के पास रविवार की सुबह करीब छह बजे आगरा से नोएडा की तरफ जा रही कार आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसे में कार सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई गई है, जिन्हें जेवर के एक अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कर इलाज चल रहा है।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार ऋषभ ग्रेटर नोएडा की एक यूनिवर्सिटी में पढ़ रहा है और गोरखपुर का मूल निवासी है। अंकुश और नीतीश निवासी बादशाहपुर जिला गाजियाबाद घायल हो गए। सूचना मिलते ही टप्पल पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को जेवर के अस्पताल पहुंचाया। टप्पल थाना पुलिस के अनुसार ऋषभ और नीतीश की हालत गंभीर है। अंकुश के कम चोट आई है, लेकिन उसे भी अस्पताल में भर्ती कर इलाज चल रहा है। टप्पल थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि तीनों के परिजन अभी नहीं आए हैं। उनके आने पर जैसी तहरीर मिलेगी, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।