गंगा नहर में डूबकर हुई किशोर की मौत के बाद विलाप करते परिजन।
- फोटो : Amar Ujala
मामा के परिवार के साथ राजघाट पर गंगा स्नान करने गए सासनी गेट के विहारी नगर के एक किशोर की गहरे पानी में जाने से डूबकर मौत हो गई। किशोर के साथ उसके मामा के दो लड़के भी गहरे पानी में डूब गए। हालांकि उन्हें गोताखोरों ने समय रहते सही सलामत पानी से बाहर निकाल लिया। किशोर की मौत से दो परिवारों में कोहराम मच गया। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को लेकर रविवार दोपहर बाद अलीगढ़ आ गए।
देर शाम को उन्होंने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
सासनी गेट इलाके की विहारी नगर कालोनी निवासी 15 वर्षीय दीपक शनिवार रात को अपने मामा हेमराज निवासी लड़िया, सासनी गेट के परिवार के साथ गंगा नहाने राजघाट गया था। रविवार की सुबह वह गंगा नहाने के लिए मामा के बेटे मनोज और जतिन के साथ पानी में उतर गया। देखते ही देखते तीनों गहरे पानी की ओर चले गए। वहां तैराकी से अनजान होने की वजह से तीनों डूबने लगे।
इस बीच गोताखोर और परिजनों की निगाह उन पर पड़ी तो चीखपुकार मच गई। गोताखोरों उन्हें बचाने के लिए पहुंच गए। वह मनोज और जतिन को तो बचाने में कामयाब रहे, लेकिन दीपक की तब तक मंौत हो गई।
परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मगर, हेमराज के परिवार ने कानूनी कार्रवाई करने और पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। वह शव को लेकर दोपहर बाद अलीगढ़ पहुंच गए। परिजनों के अनुसार दीपक कक्षा आठ में केपी स्कूल में पढ़ाई कर रहा था। वह तीन बहनों का इकलौता भाई था। परिवार हादसे के बाद से सदमे में है। शव के यहां पहुंचने पर परिवार में कोहराम मच गया था।