राष्ट्रीय विज्ञान प्रतिभा खोज परीक्षा में आरकेपुरम निवासी अक्षत अग्रवाल ने गोल्ड मेडल हासिल किया है। उन्हें उत्तर प्रदेश में 11वीं कक्षा वर्ग में पहली रैंक मिली तो ऑल इंडिया में 106वीं रैंक मिली है।
अक्षत की इस उपलब्धि पर शाहपुर मडराक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय की सहायक अध्यापक सुनीता गंगल ने हर्ष जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि मदर्स डे पर इससे बड़ा उपहार और कुछ नहीं हो सकता है कि उनके बेटे ने यह खुशखबरी दी है।
अक्षत अग्रवाल पुत्र राजीव अग्रवाल ने संत फिदेलिस सीनियर सेकेंडरी स्कूल से 2017-2018 में हाईस्कूल की थी। उस दौरान उन्होंने 93.6 प्रतिशत नंबर हासिल किए थे। इसके बाद वह दिल्ली चले गए। यहां नवयुग कान्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल से वह इंटर की पढ़ाई कर रहे हैं। वर्ष 2020 में वह इंटर की परीक्षा देंगे। इसी के साथ वह यहां एक कोचिंग से आईआईटी की तैयारी कर रहे हैं।
यह परीक्षा यूनिफाइड काउंसिल आयोजित करता है। दिसंबर में परीक्षा हुई थी। अक्षत ने बताया कि वह भविष्य में इंजीनियर बनना चाहते हैं। अक्षत की उपलब्धि पर परिवार में जश्न का माहौल है।