गंगीरी से मोहनपुरा के बीच नौ किलोमीटर की दूरी तक एक कार के पीछे पुलिस की तीन गाड़ियां दौड़ती रहीं। पुलिस को पीछा करते देख ग्रामीण भी बाइक लेकर दौड़ पड़े, लेकिन गाड़ी पुलिस के हाथ नहीं आई। एटा जिले की सीमा में पहुंचने के बाद पुलिस की एक गाड़ी लौट गई, दो कार का पीछा करती रहीं।
गंगीरी पुलिस के अनुसार अलीगढ़ के थाना मडराक की आसना पुलिस चौकी क्षेत्र से ट्रायल के बहाने एक व्यक्ति की स्विफ्ट कार लेकर बदमाशों के भागने की सूचना मिली थी, जिस पर पीछा किया गया। छर्रा की ओर से आगे कार और पीछे पुलिस की गाड़ियां सायरन बजाती हुई दौड़ती आई।
गाड़ियों को कार के पीछे दौड़ता देख गांव नगला नेकराम और बढ़ारी बुजुर्ग के ग्रामीण भी लाठी-डंडे लेकर बाइकों से दौड़ पड़े। सिकंदराराऊ-कासगंज मार्ग पर एटा जिले के मारहरा थाने की मोहनपुरा चौकी तक करीब नौ किलोमीटर पुलिस और ग्रामीणों ने पीछा किया, लेकिन कार सवार हाथ नहीं आए। इसके बाद सीमा समाप्त होने पर गंगीरी थाना पुलिस और ग्रामीण लौट आए। पुलिस की दो गाड़ियां कार के पीछे एटा की सीमा में चली गई।
थाना गंगीरी के कार्यवाहक एसओ का कहना है कि कार में लगे जीपीएस के आधार पर पुलिस कार का पीछा करती हुई आई थी। सूचना मिलने पर उन्होंने पीछा किया था। सीओ इगलास महेश कुमार का कहना है कि मडराक क्षेत्र में इस तरह की घटना की जानकारी नहीं है। इतना जरूर जानकारी में आया है कि गंगीरी क्षेत्र में एक गाड़ी का पुलिस द्वारा पीछा किया गया, गाड़ी पकड़ी नहीं जा सकी है।