अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में घायल तीन लोगों की उपचार के दौरान मौत हो गई। बुलंदशहर के कस्बा खुर्जा के रहने वाले नानक चंद (42) गत 2 दिसंबर को अपने बहनोई मनोहर लाल निवासी तुर्कमान गेट, कोतवाली की मृत्यु हो जाने पर गमी में शामिल होने के लिए अलीगढ़ आ रहे थे। खेरेश्वर चौराहे के पास एक बाइक ने कार में टक्कर मार दी। इसमें नानक चंद और उनकी पत्नी घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल नानक चंद को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां पर बृहस्पतिवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।
गत 6 दिसंबर को खेेरेश्वर चौराहे पर दो बाइकों की भिड़ंत हो गई थी। इसमें कासगंज की कोतवाली के गांव खतौली के रहने वाले 25 वर्षीय इरफान पुत्र सुलेमान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया बाद में दिल्ली रेफर कर दिया गया। दिल्ली ले जाते समय इरफान ने दम तोड़ दिया। अतरौली के गांव चंदौली बुजुर्ग के रहने वाले 25 वर्षीय विजय कुमार पुत्र जगदीश प्रसाद पिछले 2 दिसंबर को गांव में ही सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गए। गंभीर हालत में उन्हें जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। बृहस्पतिवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।