महानगर के जीटी रोड डीएस कॉलेज के सामने मोबाइल की दुकान से हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही लाखों रुपये कीमत का माल भी बरामद किया है। पकड़े गए तीन आरोपियों में दो चोरी के पेशेवर अपराधी हैं। उन पर आसपास के जिलों में भी चोरी के अपराध दर्ज हैं।
एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुणावत व सीओ द्वितीय राघवेंद्र सिंह ने शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता में बताया कि 9/10 मार्च की रात चोरों ने गांधीपार्क के डीएस कॉलेज के सामने श्यामबाबू वार्ष्णेय निवासी अचलताल की दुकान से एक स्कूटी, एक एलईडी व बैटरियां आदि कीमती सामान चोरी किया था। इस मामले में इंस्पेक्टर हरिभान सिंह राठौर व उनकी टीम खुलासे में लगी तो सूचना के आधार पर शनिवार तड़के शाहकमाल रोड से स्कूटी पर घूमते दो युवक पकड़ लिए।
थाने लाकर हुई पूछताछ में उन्होंने अपने नाम नूर सलाम व रूबैल निवासी आवदानगर खुर्जा, (बुलंदशहर) बताए। उन्होंने श्याम बाबू की दुकान से चोरी करना स्वीकारा और उनकी निशानदेही पर एक एलईडी टीवी, दो बैटरी 52 नए मोबाइल फोन, 14 पुराने मोबाइल फोन, 145 मोबाइल कवर, 78 टेंपर मोबाइल फोन, 15 मोबाइल की बैटरी, 17 स्टीकर मोबाइल, 28 कैमरा टेंपर, सात डाटा केबिल, 57 सीजर ब्लैड, एक चार्जर, दो ब्लूटूथ स्पीकर, 15 मोबाइल फोन सिम जैक, दो कैश बुक, एक ग्रांडर मशीन, चार ब्लैड ग्रांडर आदि बरामद किया।
साथ में उन्होंने बताया कि उन्होंने कुछ माल हेमंत निगम निवासी सूरज विहार कॉलोनी, बन्नादेवी की सराय रहमान स्थित दुकान पर बेचा है। इस खबर पर वहां से माल बरामद कर हेमंत निगम को भी गिरफ्तार किया। एसपी सिटी के अनुसार पकड़े गए चोरों पर खुर्जा नगर, गांधीपार्क थाने में छह से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।