टप्पल क्षेत्र के गांव हेतलपुर में बुधवार शाम को एक किसान के घर पर चार गोवंशों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इससे दुधारू गाय और दो छोटे गोवंशों की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। एक अन्य गोवंश की हालत गंभीर बनी हुई थी। घटना की सूचना पाकर पुलिस और पशु चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंच गई। गोवंशों की मृत्यु से गांव में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, हेतलपुर निवासी मुरारीलाल शर्मा पुत्र नारायण शर्मा ने बताया कि एक दुधारू गाय और तीन अन्य गोवंश घर में बंधे हुए थे। रोज की तरह बुधवार शाम को भी परिजनों ने सभी गोवंशों को चारा डाला था। देर शाम करीब 6:00 बजे अचानक चारों गोवंशों की स्थिति गंभीर होने लगी। देखते ही देखते सभी पशुओं के पेट फूलने लगे और जमीन पर जा गिरे। उनके मुंह से झाग निकलने लगा।
पशुओं की हालत बिगड़ते देख परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को समझने का प्रयास किया, लेकिन शाम करीब 7:30 बजे तक गाय समेत दो गोवंशों ने दम तोड़ दिया। दो वर्षीय एक गोवंश की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। ग्रामीणों को समझ नहीं आ रहा है कि अचानक यह सब कैसे हुआ। आशंका जताई जा रही है कि चारे में किसी जहरीले कीड़े के काटने अथवा जहरीले चारे के कारण हादसा हुआ हो।
घटना की जानकारी मिलते ही टप्पल के क्राइम इंस्पेक्टर और पशु चिकित्सकों की टीम ने देर रात मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। पशु चिकित्साधिकारी टप्पल डॉ. नदीम ने बताया कि टीम को रात होने के कारण मौत की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। बृहस्पितवार की सुबह मृत गोवंशों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।