पुलिस के अनुसार अवधेश उर्फ बंटू यादव लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय है। वह जीआरपी अलीगढ़ का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ 17 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, जहरखुरानी, एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट के मामले शामिल हैं।
ट्रेनों में यात्रियों के आभूषण और नकदी चोरी व छिनैती करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने रविवार को अलीगढ़ जंक्शन से गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में जीआरपी अलीगढ़ का हिस्ट्रीशीटर अवधेश उर्फ बंटू यादव भी शामिल है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल, नकदी बरामद हुई है।
विज्ञापन
जीआरपी प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार द्विवेदी और आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार तिवारी ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने प्लेटफार्म नंबर सात के पास घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान अवधेश उर्फ बंटू यादव निवासी पला साहिबाबाद, थाना सासनीगेट, दीपक निवासी बदरपुर बॉर्डर, दक्षिणी दिल्ली व नरसिंह निवासी कुइया सहपुरा, थाना फरीदपुर बरेली के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से पुलिस ने पीली धातु का लॉकेट, एक जोड़ी सफेद धातु की पायल और 19,500 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
विज्ञापन
कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार अवधेश उर्फ बंटू यादव लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय है। वह जीआरपी अलीगढ़ का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ 17 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, जहरखुरानी, एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट के मामले शामिल हैं। अलीगढ़ के अलावा प्रयागराज, चारबाग लखनऊ, हाथरस और मध्य प्रदेश के ग्वालियर में भी उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज होने की बात पुलिस रिकॉर्ड में सामने आई है।
वहीं, आरोपी दीपक पर तीन और नरसिंह के खिलाफ चोरी, एनडीपीएस, गैंगस्टर एक्ट समेत अन्य धाराओं में सात मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर ट्रेनों में की गई अन्य वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।