अलीगढ़ एयरपोर्ट की सुरक्षा में तैनात उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल (यूपी एसएसएफ) के 76 जवानों के लिए तीन एकड़ जमीन की मांग की गई है। बल के पुलिस उपमहानिरीक्षक हेमंत कुटियाल ने इस संबंध में जिलाधिकारी को पत्र भेजा है, जिस पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
यूपी एसएसएफ की चौथी वाहिनी (मथुरा) 29 दिसंबर 2023 से एयरपोर्ट की सुरक्षा संभाल रही है। वर्तमान में यहां 76 महिला और पुरुष जवान तैनात हैं। पत्र में बताया गया है कि जवानों को रहने और अन्य बुनियादी सुविधाओं का अभाव है, जिससे उन्हें ड्यूटी के दौरान कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
सुरक्षा बल ने एयरपोर्ट के आसपास भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध करते हुए शस्त्रागार, कार्यालय, बैरक, भोजनालय, शौचालय और स्नानागार के निर्माण की आवश्यकता बताई है। अधिकारियों का कहना है कि इन सुविधाओं के विकसित होने से जवानों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा और एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था भी और मजबूत होगी।