प्रदेश सरकार द्वारा परिवहन विभाग में किए गए प्रशासनिक फेरबदल के तहत अलीगढ़ को दो नए परिवहन अधिकारी मिले हैं। परिवहन विभाग के विशेष सचिव केपी सिंह की ओर से जारी आदेश के अनुसार सहायक परिवहन आयुक्त सड़क, सुरक्षा प्रदूषण नियंत्रण दिनेश कुमार को अलीगढ़ का नया आरटीओ प्रवर्तन बनाया गया है।
यहां तैनात आरटीओ प्रवर्तन वंदना सिंह को शासन ने पिछले दिनों गंगीरी क्षेत्र में निजी बस का फर्श टूटने से एक स्कूली छात्रा की माैत के मामले में प्रथमदृष्टया दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया था। इसके बाद से यह पद रिक्त था। वहीं जनपद एटा में तैनात एआरटीओ प्रशासन सत्येंद्र कुमार को एआरटीओ प्रशासन अलीगढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वर्तमान में यहां तैनात एआरटीओ प्रशासन प्रवेश कुमार का तबादला इसी पद पर जनपद शामली के लिए किया गया है। वह लंबे समय से यहां तैनात थे।