टप्पल क्षेत्र में चोरों ने किसानों के नलकूपों को निशाना बनाकर कई जगह बिजली की केबल काटकर चोरी कर ली। चोर केबलों को निगुना-सिगुना निवासी वेदवीर सिंह के नलकूप के पास ले गए। वहां चारपाई, बांस और लकड़ी की मदद से केबल जलाकर कॉपर निकाल लिया।
निगुना-सिगुना, बाजौता और लालगढ़ी गांवों में कमल सिंह की 30 मीटर, ज्ञानेंद्र की 12 मीटर, तेजवीर की 25 मीटर, सुरेश की 15 मीटर सहित कई किसानों की केबल चोरी हुई है। किसानों के अनुसार जून से अब तक ऐसी वारदात करीब तीन बार हो चुकी हैं।
सूचना पर 112 पुलिस और टप्पल थाने की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। किसानों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और कबाड़ कारोबारियों की जांच की मांग की है। थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि शिकायती पत्र मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, भाकियू जिलाध्यक्ष भोला चौधरी ने जल्द खुलासा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।