आरोप है कि प्रधान पति मोनू वीडियो बना रहे थे। वीडियो बनाने से प्रधानाध्यापक के मना करने पर गाली देते हुए मोनू ने हाथापाई की। नुकीली वस्तु से चेहरे पर हमला कर दिया। किसी तरह वह आफिस पहुंचे तो उनके हाथ से मध्याह्न भोजन योजना का रजिस्टर छीनकर फाड़ दिया।
खान आलमपुर गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक और ग्राम प्रधान पति के बीच 4 अप्रैल की सुबह स्कूल परिसर में हाथापाई हो गई। प्रधानाध्यापक ने पुलिस को बुला लिया और तहरीर दी। वहीं प्रधानपति ने भी प्रधानाध्यापक के विरुद्ध तहरीर दी है। बताते हैं कि दोनों के बीच करीब छह माह से अनबन चल रही थी।
विज्ञापन
प्रधानाध्यापक बृजेंद्र बाबू शर्मा एक हाथ से दिव्यांग हैं। बताया कि 4 अप्रैल सुबह 8 बजे वह गांव पहुंचे तो रास्ते में ट्रैक्टर ट्रॉली खड़ी होने से कार को बाहर छोड़कर स्कूल चले गए। विद्यालय संचालन के बाद करीब सवा नौ बजे कार लेकर पुन: स्कूल लौटे तो वहां मौजूद प्रधान पति मोनू वीडियो बना रहे थे। वीडियो बनाने से मना करने पर गाली देते हुए मोनू ने हाथापाई की। नुकीली वस्तु से चेहरे पर हमला कर दिया। किसी तरह वह आफिस पहुंचे तो उनके हाथ से मध्याह्न भोजन योजना का रजिस्टर छीनकर फाड़ दिया।
आरोप लगाया कि प्रधान पति मध्याह्न भोजन योजना के रजिस्टर में लाभार्थी बच्चों की संख्या बढ़ाने का दबाव बना रहे थे। वहीं ग्राम प्रधान के पति का आरोप है कि प्रधानाध्यापक कई माह से स्कूल नहीं आ रहे थे। 4 अप्रैल की सुबह करीब सवा नौ बजे स्कूल आए तो वह वीडियो बनाने लगे। इस पर प्रधानाध्यापक ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ हाथापाई की। हरदुआगंज थाना पुलिस का कहना है कि शिक्षक का मेडिकल करा दिया गया है। घटना की अभी जांच की जा रही है।