अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार तिवारी बृहस्पतिवार को आठ माह बाद अपने पैतृक गांव उसरम पहुंचे। उन्होंने कहा कि भाजपा में परिवारवाद का कोई स्थान नहीं है। कुछ पार्टियों में परिवार के सदस्यों को ही शीर्ष पदों पर बैठाया जाता है, जबकि भाजपा में मेहनत और समर्पण के आधार पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी मिलती है।
अनिल तिवारी ने कहा कि भाजपा में कोई कार्यकर्ता छोटा या बड़ा नहीं होता। यदि कोई कार्यकर्ता किसी भी स्तर पर गलती करता है तो उसकी सूचना किसी न किसी माध्यम से दिल्ली तक अवश्य पहुंचती है। उन्होंने बताया कि वे वर्ष 1989 में व्यापार के सिलसिले में अंडमान-निकोबार पहुंचे थे।
वे पहले से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे हैं और वहां भी लगातार संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय रहे। उन्होंने दावा किया कि पहले भाजपा अंडमान-निकोबार में दो से तीन हजार मतों के अंतर से जीतती थी, लेकिन उनके नेतृत्व में पार्टी ने 25 हजार से अधिक मतों से विजय प्राप्त की।
टप्पल कट पर भाजपाइयों और ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। स्वागत के बाद वह नारायणपुर स्थित पूर्व विधायक सतपाल सिंह के कोल्ड स्टोरेज के शुभारंभ कार्यक्रम में पहुंचे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय जनता को संबोधित किया। गौमत चौराहे पर राजकुमार गोयल एवं राजेश गोयल द्वारा उनका सम्मान किया गया।
भुमिया बाबा मंदिर में पहुंचकर उन्होंने पूजा-अर्चना की और अपने पितरों को नमन किया। इस मौके पर राजकुमार सिंह, विवेक धड़कर, आरपी सिंह, पूर्व विधायक सतपाल सिंह, शेर सिंह, रवि शर्मा, राजकुमार सिंह, मुकेश सूर्यवंशी, चौधरी बदन सिंह, जीतू तिवारी, लोकेश शर्मा आदि मौजूद रहे।