अलीगढ़ में रामघाट रोड के तालसपुर बंबा के पास 15 फरवरी रात में चोरों ने दो दुकानों में चोरी को अंजाम दिया। वहीं, तीसरी दुकान के ताले तोड़ लिए गए। इनमें एक मिठाई की दुकान व दूसरी कचौड़ी की दुकान में चोरी हुई, जबकि जनसेवा केंद्र के ताले ही काटे जा सके। सुबह खबर पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
गांव तालसपुर के बाहर बंबा पर गांव के गौरव की गौरव स्वीट्स के नाम से मिठाई की दुकान है। उसके बराबर में पीएसी निवासी छोटू शर्मा की कचौड़ी की दुकान है। वहीं कार्तिक का जन सेवा केंद्र भी संचालित है। रात में चोरों ने मिठाई की दुकान के ताले तोड़कर 35 हजार रुपये चुरा लिए। कुछ मिठाई गायब है। काफी सामान भी बिखरा मिला।
छोटू के अनुसार उसकी दुकान से 1500 रुपये व अन्य सामान ले गए। वहीं, जनसेवा केंद्र के सिर्फ ताले ही तोड़े जा सके। माना जा रहा है कि किसी के आने पर बदमाश भाग गए होंगे। रविवार सुबह जब दुकानदारों को यह खबर मिली तो पुलिस बुला ली गई। एसएचओ महुआ खेड़ा के अनुसार मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा कार्रवाई की जा रही है।