कस्बा खैर में चोरों ने बारिश का फायदा उठाकर मंगलवार रात तीन मकानों को निशाना बनाया। चोर यहां से लाखों रुपये के जेवरात व कीमती सामान ले गए। दो अन्य स्थानों पर ताले तोड़ने की कोशिश भी चोरों ने की।
नई बस्ती निवासी महेश चंद शर्मा 17 मार्च से नोएडा में अपने बच्चों के पास रह रहे थे। उनके बंद मकान के ताले तोड़कर घर में घुसे चोर लाखों रुपये के आभूषण और अन्य सामान ले गए। सुबह जब महेश शर्मा के भाई ने ताला टूटा देखा तो उन्हें सूचना दी गई। सूचना मिलते ही महेश चंद शर्मा खैर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ जांच-पड़ताल की।
इधर, राजीव रावत के मकान के मुख्य द्वार का ताला भी चोरों ने तोड़ दिया। हालांकि, यहां उन्हें कोई सामान हाथ नहीं लगा। दूसरी घटना करीब 200 मीटर दूर मोहल्ला सराफान में हुई। यहां कस्बा निवासी टीटू के किराये के मकान का ताला तोड़कर चोर कीमती सामान चोरी कर ले गए।
इसके अलावा, घटनास्थल से करीब 20 मीटर दूरी पर स्थित मनोज गुप्ता के परचून के गोदाम के ताले भी चोरों ने तोड़े, लेकिन यहां चोरी सफलता नहीं मिली। चोर सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं।
तीसरी वारदात कस्बे की ब्लॉक कॉलोनी में हुई। यहां हरपाल सिंह के बड़े भाई के बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर चोर हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। घर में कोई नहीं था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया।
सूचना पर कोतवाली पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ सभी घटनास्थलों पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। एक ही रात में तीन स्थानों पर चोरी और दो स्थानों पर चोरी के प्रयास की घटनाओं से कस्बे में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
थाना प्रभारी आईपीएस सम्यक चौधरी का कहना है की फॉरेंसिक टीम द्वारा जांच कराई गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे कोतवाली पुलिस द्वारा देखे जा रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से जल्द ही घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।