चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें थाने के सामने भी पुलिस का खौफ नहीं रहा। अतरौली के तहसील रोड पर थाने से महज 50 मीटर दूर बंद मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। झीने की किवाड़ काटकर अंदर घुसे चोर हजारों रुपये का सामान समेट ले गए। घर में बिखरा सामान देखकर मकान मालकिन बेहोश हो गईं।
आज्ञा देवी ने बताया कि उनके पति बिहारी लाल डिबाई के सरस्वती शिशु मंदिर में सहायक अध्यापक हैं। उनकी ससुराल गांव इशनपुर में है। वह 20 दिन पहले नवरात्र के प्रथम दिन पूजा करने के बाद ससुराल चली गई थीं। बृहस्पतिवार सुबह भाई के साथ घर लौटीं तो दोनों अलमारियों और बक्से का सामान कमरों में बिखरा मिला। यह देखकर वह बेहोश हो गईं। परिजन उन्हें 100 शैया अस्पताल ले गए। करीब एक घंटे उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। पीड़िता के अनुसार चोर लैपटॉप, दो गैस सिलिंडर, 10 हजार रुपये नकद, सिलाई मशीन, पीतल के बर्तन, कुंडल, तोड़िया और अन्य सामान चोरी कर ले गए।
एक साल पहले भी हुई थी चोरी
पीड़िता ने बताया कि एक साल पहले भी इसी मकान में चोरी हुई थी। तब भी चोर नहीं पकड़े गए। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल सुरेंद्र पांडेय ने बताया कि चौकी इंचार्ज को मौके पर भेजा गया है। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा। आसपास के सीटीटीवी देखे जाएंगे। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जाएगी।