महानगर के सासनी गेट इलाके के भुजपुरा मोहल्ला में मंगलवार रात को एक शराब की दुकान में कूमल लगाकर चोर एक लाख रुपये करीब की शराब और 50 हजार रुपये चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामले में अज्ञात चोरों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
भुजपुरा निवासी जुनैद अली की मोहल्ले में ही अंग्रेज शराब की दुकान है। जुनैद के मुताबिक बुधवार सुबह उन्हें मोहल्ले के लोगों से पता लगा कि दुकान की दीवार काट चोर उसमें से शराब की पेटियां चोरी कर ले गए हैं। मौके पर जाकर देखा तो दुकान की दीवार कटी मिली।
दुकान के भीतर से करीब एक लाख रुपये की शराब और गल्ले में रखे 50 हजार रुपये गायब थे। चोरों ने रात में वारदात को अंजाम दिया था। सूचना देकर पुलिस को मौके पर बुलाया। मामले में थाना पुलिस को अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। इंस्पेक्टर सासनी गेट जावेद खां के मुताबिक अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। कुछ कैमरों में चोरों के चेहरे दिखाए दिए हैं। इनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उनको दबोच लिया जाएगा।
रामगढ़ पंजीपुर में घर में घुसे चोर, परिवार के जागने पर भागे
महानगर के क्वार्सी थाना क्षेत्र के गांव रामगढ़ पंजीपुर में मंगलवार रात एक घर में चोरी के उद्देश्य से कुछ अज्ञात चोर घुस गए। वह भैंस को दीवार काट चोरी करके ले जाने की फिराक में थे कि तभी परिवार वालों की आंख खुल गई। शोरशराबा होने पर चोर भाग निकले।
बुधवार तड़के सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है। किसान अनिल कुमार निवासी गांव रामगढ़ पंजीपुर, क्वार्सी ने बताया कि वाकया रात करीब दो बजे का है। चोर घर के अंदर घुस आए। दीवार काटकर भैंस लेकर जाने लगे। इसी बीच आवाज सुनकर परिवार वाले जाग गए।
उन्होंने शोर मचाते हुए चोरों को पकड़ा चाहा। मगर, वह भाग निकले। सूचना पर आई पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बदमाशों को तलाशने की कोशिश की। मगर, उनका सुराग नहीं लगा है। मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी के प्रयास की तहरीर दे दी है। इंस्पेक्टर क्वार्सी के मुताबिक अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उनकी तलाश की जा रही है।