24 फरवरी को शादी होनी थी। होने वाले ससुरालीजन शादी के शगुन की पीली चिट्ठी देने आए थे। होने वाले साले को खैर में छोड़कर बाइक से घर लौटते समय युवक को पीछे से ऑटो ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गई। चार बहनों के बीच इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता सहित बहनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
यह हादसा 14 फरवरी की शाम करीब पांच बजे टैटीगांव रोड में भानेरा पुलिया पर हुआ। कन्हैया गौतम (21) पुत्र मक्खनलाल गौतम निवासी नगला बिरखू की 24 फरवरी को जट्टारी क्षेत्र के गांव फाजलपुर निवासी हिमांशी के साथ शादी होनी थी। 14 फरवरी की दोपहर ससुराल वाले शगुन की पीली चिट्ठी लेकर उनके घर आए थे। यहां से ससुराल पक्ष के अन्य लोग तो कार से लौट गए। कन्हैया अपने होने वाले साले यश को बाइक से खैर तक छोड़ने गए थे। वहां से वह अपने गांव लौट रहे थे।
भानेरा पुलिया के तीव्र मोड़ पर पीछे से आए ऑटो ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं ऑटो भी अनियंत्रित होकर सड़क के बगल में खेत में पलट गया। हालांकि उसके चालक को मामूली चोट ही आई। हादसा होते ही राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस के जरिये घायल कन्हैया गौतम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खबर पाकर परिजन भी रोते-बिलखते हुए सीएचसी पहुंच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उनकी तीन बहनों की शादी हो चुकी थी। कन्हैया के बाद एक छोटी बहन और है।