थाना पालीमुकीमपुर के गांव धुर्रा प्रेमनगर के एक युवक को जहरखुरानों ने रोडवेज बस में लूट लिया। पीड़ित को नरौरा में बेहोशी की हालत में भर्ती कराया गया है।
गांव धुर्रा प्रेमनगर निवासी अंकित शर्मा पुत्र राजकुमार शर्मा सरकारी सेवाओं में नौकरी के लिए परीक्षा देने नोएडा गया था। मंगलवार शाम वह नोएडा से गांव लौट रहा था। अलीगढ़ से अतरौली आने के लिए वह नरौरा डिपो की बस में बैठ गया। इसी दौरान उसे किसी ने नशीला पदार्थ सुंघा दिया। इससे वह बेहोश हो गया।
नरौरा अड्डे पर बस रुकी तो चालक परिचालक को घटना की जानकारी हुई। उन्होंने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जेब में मिले फोन नंबर से परिजनों को सूचना दी। होश आने पर युवक ने बताया कि जहरखुरान उससे पांच हजार रुपये, एटीएम और मोबाइल आदि लूट ले गए।