गांव सुसायत खुर्द में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम को ग्रामीणों ने बच्चों को पोलियो से बचाव की दवा पिलाने से रोक दिया।सूचना मिलने पर पहुंचे स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर बच्चों को दवा पिलाने के लिए राजी कर लिया।
विरोध कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि उनके बच्चे बीमार हैं। ऐसे में दवा पिलाने से उन्हें नुकसान पहुंच सकता है। स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डाॅ. दलवीर सिंह रावत ने ग्रामीणों को बताया कि बुखार एवं अन्य बीमारी की स्थिति में इस दवा को पिलाने से कोई नुकसान नहीं होता। यह खुराक बच्चों की सेहत के लिए लाभदायक है।
इस मौके पर सेक्टर नोडल डॉक्टर आनंद कुमार एवं आकाश कौशिक, आईओ व सेक्टर सुपरवाइजर मनीष कुमार सिंह भी मौजूद रहे। दूसरी तरफ, स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी ने द्वारिकापुर में जन आरोग्य मंदिर और पोलियो टीम के कार्य का निरीक्षण किया। टीम गांव में दवा पिलाते हुए मिली। स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी ने टीम को हिदायत दी कि अगर एक भी बच्चा खुराक से वंचित रहा तो टीम को बख्शा नहीं जाएगा।