अमेरिका में ईरान के लोगों के प्रवेश पर अस्थायी प्रतिबंध के सवाल पर भारत में ईरान के राजदूत गुलाम रजा अंसारी ने कहा कि ईरान की महत्ता को देखते हुए अमेरिका अपनी पालिसी बदलने के लिए मजबूर होगा।
श्री अंसारी बुधवार को एएमयू में एक कार्यक्रम के सिलसिले में आए थे। पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत में उन्होंने कहा कि ईरान अपने सिद्धांत पर आज भी कायम है। हमने अपने आसपास के देशों से रिश्ते बेहतर बनाए हैं। इन देशों में ईरान का असर है। अमेरिका इस चीज को समझेगा तो प्रतिबंध लगाने के पहले हजार बार सोचेगा और अपनी पॉलिसी बदलने को मजबूर होगा। उन्होंने कहा कि भारत से ईरान का पुराना रिश्ता है। हम एक जगह पर आकर खड़े नहीं हुए हैं। हम अपने रिश्ते को और आगे ले जाना चाहते हैं। सांस्कृतिक रिश्ते मजबूत होंगे तो आर्थिक रिश्ते भी मजबूत होंगे। उन्होंने कहा कि इनर्जी, कम्युनिकेशन, माइंस और मेटल आदि में हम एक-दूसरे का सहयोग कर रहे हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हमलोग ट्रेडिंग के नए रास्तें भी तलाश रहे हैं।