दो पक्षों में जमकर मारपीट, आठ नामजद
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बालापट्टी के पास प्रकाश टॉकीज पर पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में शुक्रवार को फिर झगड़ा हो गया। जमकर मारपीट होने और ठेलों को फेंकने से दहशत में आए लोग दुकानें बंद कर भाग गए। हालांकि समय रहते पुलिस ने झगड़े पर काबू पा लिया।
मौके पर पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज की है। एक पक्ष से तीन और दूसरे पक्ष से पांच लोगों को मारपीट, लूटपाट और जानलेवा हमले का आरोपी बनाया गया है। आठ आरोपियों में से छह को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है।
प्रकाश टॉकीज पर बालापट्टी निवासी नौरंगीलाल कश्यप, उनके बेटे अमित कश्यप और हरीशचंद्र कचौड़ी की ठेल लगाते हैं। दस दिन पहले करबला निवासी एक युवक से उनका कचौड़ी खरीदने के दौरान विवाद हो गया था। इस विवाद के बाद शुक्रवार को दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए।
नौरंगीलाल कश्यप का आरोप है कि दूसरे पक्ष ने इकट्ठा होकर उन पर हमला किया और ठेलों को फेंक दिया। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि वह रास्ते से जा रहे थे और कश्यप ने अपने परिजनों के साथ उन पर हमला बोल दिया। झगड़े में दोनों पक्षों से छह लोग घायल हुए हैं।
इनमें नौरंगीलाल, अमित व हरीशचंद्र हैं जबकि दूसरे पक्ष से इस्लाम पुत्र वंशी खां निवासी तारस, इगलास, सोनू पुत्र मुनव्वर अली निवासी रुनकता, आगरा हैं। पुलिस ने घायलों का उपचार बागला जिला अस्पताल में कराया है। सदर कोतवाल मनोज शर्मा का कहना है कि कचौड़ी खाने को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।