करंट की चपेट में आए दंपति, पत्नी की मौत
बारिश के मौसम में जहां जर्जर मकान और दीवारें लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। तमना गढ़ी में अपने घर के टिन शेड को सही करने की कोशिश कर रहा एक युवक करंट की चपेट में आ गया। युवक की चीख सुनकर बचाने पहुंची उसकी पत्नी भी चपेट में आ गई। हादसे में युवती की मौत हो गई। वहीं उसके पति को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल पहुंचे दंपति के परिजनों ने पहले इसे विद्युत विभाग की लापरवाही बताया, लेकिन बाद में उन्होंने इस संबंध में यह कहकर शिकायत करने से मना कर दिया कि हादसा विद्युत विभाग की लापरवाही से नहीं हुआ है। परिजनों ने बताया कि छत्रपाल की परचून की दुकान है। दुकान के पास ही उसका घर है। वह अपने घर का टिन शेड ठीक कर रहा था। शेड के नीचे लगे खंभे बारिश के कारण मिट्टी में धंस गए थे। इन्हें बाहर निकालकर सही करने की कोशिश की जा रही थी। टिन शेड से होकर घर को जाने वाली बिजली की केबल जा रही थी। इमें कट के कारण टिन शेड में करंट आ गया, जो खंभों में उतर आया। इसकी चपेट में छत्रपाल आ गया। उसे बचाने में उसकी पत्नी मनोज कुमारी की मौत हो गई। हादसे के बाद से मोहल्ले के लोग दंपति को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां छत्रपाल की हालत नाजुक थी। उसका उपचार चल रहा था। डॉक्टरों के मनोज कुमारी को मृत घोषित किए जाने के बाद से परिवार के सदस्य सदमे में हैं।
करंट से झुलसी युवती
नगला अड़ू की सर्वेश भी करंट की चपेट में आकर काफी झुलस गई हैं। वह अपनी छत पर बिजली ठीक कर रही थीं। तभी करंट की चपेट में आ गईं। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया था। जहां शुक्रवार शाम तक उनका उपचार चल रहा था।