दो घंटे की बारिश... शहर में जलभराव से बिगड़े हालात
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
अभी तक देहात के इलाकों में कहर बरपा रहा चिकनगुनिया, डेंगू और मलेरिया बुखार आदि अब शहर की घनी आबादी वाले इलाकों तक फैल गया है। मोहल्ला छिपैटी में दो लोगों को डेंगू संभावित मरीजों की श्रेणी में रखा गया है। इसके अलावा गांधी पार्क बस स्टैंड के चौकी इंचार्ज राजेश यादव को भी चिकनगुनिया हो गया है।
वह सारसौल इलाके में रहते हैं। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला मलेरिया विभाग की टीम वहां पहुंचेगी। दूसरी ओर डेंगू और चिकनगुनिया को लेकर मलखान सिंह जिला अस्पताल में स्थिति बेहद खराब है।
शासन और प्रशासन के फरमानों को नजर अंदाज कर मलखान सिंह जिला अस्पताल में डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया से निपटने की व्यवस्थाएं नहीं दिखाई दे रही हैं। गुरुवार को छर्रा के गांव बिहारीपुर से आए महेश सिंह को इमरजेंसी के बाहर ही जमीन पर लेटा दिया।
महेश सिंह ने बताया कि वह 12 दिन से बुखार से पीड़ित है। इसके अलावा जिला अस्पताल की इमरजेंसी में डेंगू और चिकनगुनिया के लिए बनाई गई हेल्प डेस्क में स्टाफ नहीं रहता है। इसके चलते मरीज यहां पर परमर्श के लिए भटकते रहते हैं।