दीपावली के मद्देनजर शुक्रवार शाम एसएसपी नीरज जादौन ने खैर बाजार में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने व्यापारियों और आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही आतिशबाजी बाजार का निरीक्षण कर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
पैदल मार्च अलीगढ़-पलवल रोड स्थित तिरंगा चौक से शुरू होकर सुभाष चौक होते हुए पुलिस चौकी पहुंचा। इसके बाद पुलिस टीम पड़ाव मैदान स्थित आतिशबाजी बाजार पहुंची। एसएसपी ने वहां सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और ठेकेदार को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को कहा। अधिकारियों ने बाजार में भीड़भाड़ और यातायात व्यवस्था को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान सीओ अभिषेक पटेल, कोतवाली प्रभारी राजीव कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष संजय शर्मा सहित पुलिस बल मौजूद रहा।