ट्रैक से होकर गुजरती ट्रेन। संवाद
दिवाली में अभी समय है, लेकिन घर जाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। रेल यात्रियों ने कंफर्म टिकट के लिए एडवांस बुकिंग शुरू कर दी है। 60 दिन पहले आरक्षित टिकट बुक करने की व्यवस्था के तहत यात्रियों ने यात्रा की तारीख के अनुसार टिकट कराना शुरू कर दिया है।
अलीगढ़ से कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, पटना समेत कई शहरों के लिए बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। नौकरीपेशा, छात्र और कारोबारी त्योहार पर घर पहुंचने के लिए ट्रेनों का सहारा लेते हैं। ऐसे में प्रमुख ट्रेनों में कंफर्म सीट मिलना चुनौती बन जाता है। त्योहार नजदीक आने के साथ ट्रेनों में भीड़ और टिकटों की मांग बढ़ने की संभावना है। उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि यात्री आइआरसीटीसी की वेबसाइट और मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे आरक्षित टिकट बुक कर सकते हैं।