गांव नगला बिरखू में बुधवार की शाम तेज बारिश के बाद मकान में बने एक कमरे की छत गिर गई। हादसे में कमरे में लेटे दो भाई घायल हो गए। छत पर खड़े पिता भी नीचे आ गिरे, गनीमत रही कि उन्हें कोई चोट नहीं आई ।
गांव के पूर्व प्रधान मनोज चौधरी ने बताया कि गांव के किसान सुरेश चंद्र गौतम का दो कमरों का मकान गांव में बना हुआ है। बुधवार शाम करीब पांच बजे गांव में तेज बारिश हुई । बारिश बंद होते ही सुरेश चंद्र छत पर चले गए , उनके बेटे लोकेश और बंटी कमरे में लेटे हुए थे । इसी दौरान अचानक से छत का मलबा सरकने की आवाज पर लोकेश और बंटी कमरे से बाहर निकलने को दौडे, लेकिन वह कमरे से बाहर निकल भी नहीं पाए थे कि पूरी छत भर-भराकर कर नीचे आ गई छत पर खड़े सुरेश चंद्र भी छत के साथ नीचे आ गिरे।
लेखपाल ने नुकसान का जायजा लिया
घटना में सुरेश तो बच गए लेकिन बंटी के सीने व पेट पर और लोकेश के पैर में चोट आ गई । मामले में पूर्व प्रधान ने राजस्व विभाग को घटना के संबंध में अवगत कराया , जिस पर बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। लेखपाल अमर सिंह के अनुसार रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को प्रेषित की जाएगी।