कस्बा जंक्शन से बेरगांव तक की सड़क को अब नया स्वरूप मिलने जा रहा है। लंबे समय से जर्जर हो चुकी इस सड़क के चौड़ीकरण व नवीनीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग ने करीब 8.91 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्ताव तैयार कर लिया है। सड़क की कुल लंबाई लगभग आठ किलोमीटर है, जिसका निर्माण कार्य टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होते ही शुरू कराया जाएगा।
इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों वाहनों का आवागमन होता है, लेकिन सड़क की खराब हालत के चलते लोगों को लंबे समय से आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही थी। बारिश के दिनों में गड्ढों और जलभराव के कारण स्थिति और भी दयनीय हो जाती थी। अब इसके चौड़ीकरण के साथ ही दोनों ओर जल निकासी के लिए नालियों का निर्माण भी कराया जाएगा, जिससे भविष्य में सड़क लंबे समय तक टिकाऊ बनी रहे।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता के अनुसार टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और अगले माह तक टेंडर खुलने की संभावना है। इसके बाद कार्यदायी संस्था का चयन कर निर्माण कार्य को गति दी जाएगी। परियोजना के पूरा होने पर हाथरस जंक्शन से बेरगांव के बीच आवागमन सुगम होगा और स्थानीय लोगों के साथ ही वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी।