कोरोना कर्फ्यू के 25वें दिन मंगलवार को सुबह जहां बाजार में खरीदारी के लिए भीड़भाड़ रहीं। वहीं, आधा शटर खोलकर दुकानें भी खुली मिलीं। कई दुकानदारों ने तो एक तरह से बंदी को नकार दिया है। दिनभर दुकानदार ग्राहकों को अपना माल बेचते रहे। इसके अलावा पुलिस ने जगह-जगह चेकिंग कर लोगों से आने-जाने का कारण पूछा। मास्क और हेल्मेट न पहनने पर चालान भी काटे गए।
सुबह आठ बजे से लेकर 11 बजे तक महावीर गंज, बारहद्वारी, जीटी रोड, आगरा रोड और रामघाट रोड पर लोग खरीदारी के लिए निकले। 11 बजे पुलिस ने बाजार बंद कराए। इसके बावजूद चूड़ी, सेवईं, कपड़े, रेडीमेड आदि की दुकानें शहर में खुलीं मिलीं। इन दुकानों के बाहर दुकानदार बैठे रहे। ग्राहक आता तो दुकान खोलकर सामान दे दिया जाता।
रेलवे रोड क्षेत्र में अधिकांश दुकानदारों ने शटर गिराकर व्यापार किया। इसके अलावा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सब्जी, फल की ढकेलों के साथ चाट की ढकेलें भी लगीं। शाम को चूनिंदा ढकेलों पर शहरवासी चाट का आनंद लेने भी पहुंचे। जबकि पूरे दिन शहर में लोग आवागमन करते रहे। शाम को लोग अपने घरों से टहलने के लिए भी निकले।