महानगर के गांधी पार्क क्षेत्र की कुंवर नगर कॉलोनी में जिस युवक की निकरौसी की तैयारी चल रही थी, दूल्हा बने बैठे उस युवक को पुलिस ने हवालात पहुंचा दिया। पुलिस ने यह कार्रवाई युवक की प्रेमिका की शिकायत पर की। इसके बाद दोनों पक्षों में देर रात तक समझौते पर बात नहीं बनी और देर रात मुकदमे की तैयारी चल रही थी।
हुआ यूं कि कुंवर नगर के युवक की शादी आज होनी थी। टूंडला बरात जा रही थी। दूल्हा घर में तैयार था और निकरौसी की तैयारी हो रही थी। इसी बीच दरवाजे पर पुलिस पहुंची और युवक को थाने ले गई। इस पर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। पीछे से परिजन थाने पहुंचे। जानकारी में आया कि युवक के पिछले करीब दो वर्ष से पास के मोहल्ले की युवती से प्रेम संबंध हैं। युवती शादी करने को तैयार है। मगर युवक व उसका परिवार तैयार नहीं है। अब युवती को इस शादी की खबर लगी तो उसने पुलिस से शिकायत कर दी। इसे लेकर देर रात दोनों पक्षों में थाने के बाहर समझौते पर वार्ता चल रही थी। मगर बात नहीं बन पाई। युवती पक्ष की दलील थी कि दोनों में शादी के नाम पर शारीरिक संबंध भी बने हैं। अगर शादी नहीं करता है तो दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। थाना पुलिस के अनुसार मामले में युवती पक्ष की ओर से दुष्कर्म की धाराओं में तहरीर दी गई है। देर रात तक सहमति नहीं बन पाई थी। मुकदमा दर्ज किए जाने की तैयारी है।