कस्बे के गांव जरारा में चार सहेलियों ने जहरीली कोल्डड्रिंक पी ली, जिससे एक की मौत हो गई। बाकी तीन को गंभीर हालत में जिला अस्तपाल में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में मृतका के भाई राजकुमार का कहना है कि उनके गांव व पड़ोसी गांव बरका के बीच क्रिकेट मैच के दौरान विवाद हो गया था। हारने वाली टीम के खिलाड़ी ने उसकी बहन की हत्या करने की धमकी दी थी।
गांव जरारा की पूजा (18) पुत्री रामकिशन, प्रीति (17) पुत्री भीकंबर, रूपवती (21) पुत्री नन्नूमल और कुसुमा (18) पुत्री धर्मवीर सहेलियां हैं। रविवार को चारों खेत में मिट्टी खोदने का कार्य करने गई थीं। बताते हैं शाम को चारों ने एक साथ जहरीली कोल्डड्रिंक का सेवन कर लिया। इसके बाद जब उनकी हालत बिगड़ी तो उन्हाेंनेे शोर मचाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर वहां आसपास काम करने वाले ग्रामीण और उनके परिजन आ गए।
फिर उन्हें पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां पूजा ने दम तोड़ दिया। बाकी तीनों युवतियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतका के भाई का आरोप है कि गांव के एक युवक ने हत्या के उद्देश्य से कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर चारों को पिला दिया।
वहीं गांव में यह भी चर्चा है कि उक्त युवक चारों लड़कियों को कई दिन से किसी बात को लेकर ब्लैकमेल कर रहा था। इससे परेेशान होकर उन्हाेंने यह कदम उठाया। सीओ ओपी सिंह का कहना है कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। रिपोर्ट दर्ज करने पर कार्रवाई की जाएगी।