समीक्षा बैठक करते नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा।
- फोटो : samvad
शहर में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वाले ठेकेदारों पर नगर निगम शिकंजा कसने जा रहा है। अब नई सड़कों की हर तीन महीने में जांच होगी। निर्माण के बाद पांच साल तक सड़क के रखरखाव और गुणवत्ता की जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार की होगी।
इस अवधि में सड़क खराब होने या निर्माण में कमी मिलने पर ठेकेदार को अपने खर्च पर मरम्मत करानी होगी। लापरवाही मिलने पर जुर्माना लगाने के साथ फर्म को ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है।
नगर निगम सेवा भवन में बुधवार को नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मुख्य अभियंता से पिछले एक साल में बनी सड़कों, नालों और अन्य निर्माण कार्यों का ब्योरा मांगा। स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य पूरा होने और भुगतान होने के बाद भी ठेकेदार की जिम्मेदारी खत्म नहीं होगी। सभी निर्माण कार्यों का नियमित भौतिक सत्यापन कराया जाएगा।
नगर आयुक्त ने कहा कि सड़कों की निर्धारित पांच साल की मेंटेनेंस अवधि में रखरखाव की पूरी जिम्मेदारी ठेकेदार की होगी। गुणवत्ता में कमी या मानकों की अनदेखी मिलने पर संबंधित फर्म के खिलाफ जुर्माना लगाने और ब्लैकलिस्ट करने तक की कार्रवाई की जाएगी।
टेंडर लेने और अनुबंध होने के बाद भी काम शुरू नहीं करने वाले ठेकेदारों पर भी कार्रवाई होगी। निर्धारित समय से 15 दिन की देरी होने पर पहला नोटिस जारी कर पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाएगा। एक माह तक काम शुरू नहीं होने पर दूसरा नोटिस और 10 प्रतिशत जुर्माना लगेगा। इसके बाद भी काम शुरू नहीं हुआ तो अनुबंध निरस्त कर फर्म को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।
दीपावली बाद सड़क पर उतरेंगे जेई
नगर आयुक्त ने सहायक अभियंताओं और अवर अभियंताओं को दीपावली के बाद आवंटित क्षेत्रों में प्रतिदिन फील्ड विजिट करने के निर्देश दिए हैं। उन्हें निर्माणाधीन और प्रस्तावित कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और मानकों की जांच करनी होगी। अगले तीन महीने में विकास कार्यों को तेजी से पूरा कराने का लक्ष्य दिया गया है।