फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आज अभेद्य सुरक्षा में रहेगा शहर

Wed, 07 Mar 2018 01:46 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला अलीगढ़
विज्ञापन
राष्ट्रपति के आने से पूर्व काफिला निकालकर रिहर्सल करते पुलिस कर्मी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद अमित शाह सहित कई प्रदेशों के राज्यपाल और सीएम, केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार के कबीना मंत्रियों के बुधवार को अलीगढ़ आगमन पर देश भर की सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। एएमयू के दीक्षांत समारोह स्थल से कल्याण सिंह      की पौत्री की शादी समारोह स्थल तक चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात किया गया है।  
विज्ञापन


खुफिया सूत्रों की मानें तो राष्ट्रपति सहित केंद्र और प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा के कई दिग्गज नेताओं को सिमी और इंडियन मुजाहिदीन से खतरा है। इसमें राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह भी शामिल हैं। ऐसे में एनआईए, रॉ, इंडियन मिलेट्री इंटेलीजेंस और आईबी सहित सभी प्रमुख खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों ने अलीगढ़ में डेरा डाल दिया है। इन एजेंसियों के अधिकारियों ने हरेक गतिविधि पर नजरें टिका दी हैं। कहीं से भी मिलने वाली हरेक छोटी जानकारी पर पूरा वर्क आउट हो रहा है। इन एजेंसियों के दिल्ली में बैठे आला अधिकारी भी लगातार फीडबैक ले रहे हैं। 

सुरक्षा में लंबा-चौड़ा अमला लगाया, स्नाइपर भी लगाए गए
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद एएमयू के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद कल्याण सिंह की पौत्री की शादी में शामिल होंगे। इस लिहाज से एएमयू के इनर आउटर सर्किल पर पुलिस की पैनी नजर है। जिले के सभी संदिग्ध रडार पर हैं। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था में 19 आईपीएस अधिकारी, 32 एडिशनल एसपी, 100 सीओ, डेढ़ सौ इंस्पेक्टर व एसओ सहित पांच हजार पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा आठ-आठ कंपनी पीएसी और आरएएफ भी मुस्तैद रहेगी। इनके साथ 20 स्थानीय एसओ पूरे वीवीआईपी दौरे में लगे हैं। सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए 125 सीसीटीवी कैमरे सभी हेलीपेड से आयोजन स्थल तक लगाए गए है। छह ड्रोन कैमरे भी कार्यरत रहेंगे। एटीएस के स्नाइपर समारोह स्थल से एएमयू तक हर जगह ऊंची इमारतों पर तैनात  किए जा रहे हैं, जो किसी भी क्षण सख्त कार्रवाई कर सकेंगे। 
विज्ञापन


स्कूल और बाजार पर असर नहीं : डीएम 
जिलाधिकारी ऋषिकेश भास्कर याशोद ने कहा कि राष्ट्रपति के रूट में पड़ने वाले स्कूलों में जहां भी बोर्ड परीक्षाएं चल रहीं है। वहां किसी तरह का कोई व्यवधान नहीं होने दिया जाएगा। इन स्कूलों में सुबह जाने और दोपहर बाद वहां से आने के दौरान छात्र छात्राओं को सुविधाजनक आवागमन मुहैया कराया जाएगा। ऐसे सभी इलाकों में बाजार भी सामान्य दिनों की तरह ही खुलेंगे। आम आदमी को कोई परेशानी नहीं होगी। केवल फ्लीट निकलने के दौरान कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहेगा। 

मुख्य सचिव ने ली वीडियो कांफ्रेंसिंग, कृष्णांजलि में बैठक
इधर, मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश राजीव कुमार ने गुरुवार शाम को लखनऊ से वीडियो कांफ्रेंसिंग कर राष्ट्रपति के आगमन की सभी तैयारियों की जानकारी की। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा के सभी उपाय पुख्ता करने का निर्देश दिए। दोपहर में आगरा जोन के एडीजी अजय आनंद, एडीजी सुरक्षा विजय कुमार, मंडलायुक्त सुभाष चंद शर्मा, आईजी अलीगढ़ डा. संजीव गुप्ता, जिलाधिकारी ऋषिकेश भास्कर याशोद, एसएसपी राजेश पांडेय सहित राष्ट्रपति के प्रमुख सुरक्षा अधिकारियों ने कृष्णांजलि में पुलिस अधिकारियों के साथ ब्रीफ मीटिंग कर अधीनस्थों को सभी निर्देश दिए। बैठक के बाद फुल ड्रेस रिहर्सल हुई। जिसमें सभी प्रमुख वीआईपी के आने जाने के रूट को बार बार परखा गया।  
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें