रंगों के पर्व होली व शब-ए-बरात पर शहर को सुरक्षा की दृष्टि से नौ सेक्टर में बांटा गया है। यह सेक्टर स्कीम 17 मार्च से 19 मार्च तक जारी रहेगी। एडीएम सिटी राकेश कुमार पटेल ने बताया कि सब्जी मंडी, मदारगेट, तुर्कमान गेट, देहलीगेट, अब्दुल करीम चौराहा को छोड़कर जयगंज, रसलगंज, जमालपुर, क्वार्सी व रोरावर समेत नौ सेक्टर बनाए गए हैं।
यहां दो शिफ्टों में सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक व रात आठ बजे से अगले दिन सुबह आठ बजे तक पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी तैनात किए गए हैं। संबंधित अधिकारी समय से वाहन एवं दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ पहुंचकर अपनी लोकेशन की जानकारी कंट्रोल रूम को देंगे। कोई भी अधिकारी बिना पूर्व अनुमति के अपना क्षेत्र नहीं छोड़ेंगे।
उन्होंने बताया कि त्योहारों की आड़ में किसी को अशांति फैलाने की इजाजत नहीं होगी। उधर एडीएम प्रशासन डीपी पाल ने बताया कि देहात क्षेत्र में भी होली को लेकर अतरौली, गभाना, चंडौस, खैर, इगलास, पिलखना, जलाली, कौड़ियागंज, खैर, टप्पल, गोंडा, छर्रा, गंगीरी, पालीमुकीमपुर, दादों समेत 17 स्थानों पर कानून एवं शांति व्यवस्था की देखरेख के लिए ड्यूटी निर्धारित की गई है।