शहर के विकास को नई रफ्तार देने के लिए नगर निगम ने 46 करोड़ 61 लाख 60 हजार रुपये के विकास और जनहित से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी है। नगर निगम सेवा भवन में मंगलवार को महापौर प्रशांत सिंघल की अध्यक्षता में आयोजित नगरीय अवस्थापना विकास निधि की बैठक में विभिन्न विभागों के प्रस्तावों पर चर्चा के बाद समिति ने सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की।
इसमें सड़कों के विकास, चौराहों के सुंदरीकरण, जल निकासी, पथ प्रकाश और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि स्वीकृत प्रस्तावों में निर्माण विभाग के लिए सर्वाधिक 40 करोड़ 13 लाख 92 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं।
वहीं, जलकल विभाग के लिए 2 करोड़ 47 लाख 68 हजार, पथ प्रकाश विभाग के लिए दो करोड़ और स्वास्थ्य विभाग एवं स्वच्छ भारत मिशन के लिए दो करोड़ रुपये के प्रस्ताव शामिल हैं। महापौर प्रशांत सिंघल ने कहा कि स्वीकृत धनराशि से शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने संबंधित विभागों को गुणवत्ता के साथ कार्य कराने के निर्देश देने की बात कही।
बैठक में अपर नगर आयुक्त राकेश कुमार यादव, अपर जिलाधिकारी नगर संगीता देवी, मुख्य अभियंता वीके सिंह, अधिशासी अभियंता योगेश कुमार, अजय कुमार सक्सेना, राकेश कुमार सिंह, आशीष शुक्ला, लेखाधिकारी भरत कुमार दुबे, प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी रामानंद त्यागी आदि मौजूद रहे।
प्रस्तावित प्रमुख विकास कार्य
- रसलगंज रोड : समेकित विकास एवं उन्नयन के लिए स्वीकृत आठ करोड़ रुपये के सापेक्ष पहली किस्त में 2.50 करोड़ रुपये का प्रावधान।
- आगरा-मथुरा रोड : फ्लाईओवर और प्रवेश द्वार के निर्माण एवं सुंदरीकरण के लिए पांच करोड़ रुपये।
- नौरंगाबाद और मीनाक्षी पुल : दोनों ऊपरीगामी सेतुओं की रेलिंग के सुंदरीकरण के लिए प्रस्ताव।
- आर्यभट्ट चौराहा : तस्वीर महल पुलिस लाइन के सामने चौराहे का निर्माण और सुंदरीकरण कराया जाएगा।
- पुल व चौराहे का विकास : नौरंगाबाद, मीनाक्षी सेतु और आर्यभट्ट चौराहे के कार्यों के लिए कुल छह करोड़ रुपये का प्रावधान।
- अचल ताल रोड : विकास कार्य के लिए स्वीकृत 3.84 करोड़ 85 हजार रुपये के सापेक्ष पहली किस्त में दो करोड़ रुपये।
- नगर निगम सेवा भवन : तृतीय तल पर स्टोर रूम निर्माण के लिए 18.98 लाख रुपये।
- सदन भवन: परिसर में बाह्य विकास कार्य के लिए 1.44 करोड़ 94 हजार रुपये।
निर्माण कार्यों का भुगतान : नगर निगम की विभिन्न निधियों से कराए गए निर्माण कार्यों के भुगतान के लिए 28 करोड़ रुपये।
- जल निकासी : शाहजमाल ईदगाह क्षेत्र में पाइपलाइन डालने और जल निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए 47.68 लाख रुपये।
- पथ प्रकाश : शहर की प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए दो करोड़ रुपये।
- स्वच्छता व्यवस्था : सफाई व्यवस्था और स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों के लिए दो करोड़ रुपये।