जीएसटी की प्रक्रिया को कारोबारियों के लिए सरल बनाने और कर संबंधी समस्याओं का मौके पर समाधान करने के उद्देश्य से मंगलवार को सीजीएसटी मंडल अलीगढ़ की ओर से सहज कर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। मैरिस रोड स्थित होटल पाम ट्री में हुए कार्यक्रम में जीएसटी परिषद की 57वीं बैठक में प्रस्तावित संरचनात्मक सुधारों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसमें व्यापारियों, उद्यमियों, आयातकों-निर्यातकों, चार्टर्ड अकाउंटेंट और कर सलाहकारों ने हिस्सा लिया। कारोबारियों ने जीएसटी से जुड़ी अपनी समस्याएं और सवाल अधिकारियों के सामने रखे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय माल एवं सेवा कर, आयुक्तालय आगरा की प्रधान आयुक्त सुरक्षा कटियार ने की। उन्होंने कारोबारियों की समस्याओं पर आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन भी दिया। संयुक्त आयुक्त पल्लव सक्सेना ने भी विभिन्न सवालों का जवाब देकर करदाताओं की शंकाओं का समाधान किया। चार्टर्ड अकाउंटेंट राजकुमार वार्ष्णेय और प्रतीक शर्मा ने सुधारों से जुड़े प्रावधानों और उनके व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी साझा की। कारोबारियों को बताया गया कि जीएसटी अनुपालन को आसान बनाने के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का किस तरह उपयोग किया जा सकता है।
इस दौरान व्यापारिक संगठनों और कर सलाहकारों ने भी अपनी बात रखी। कार्यक्रम में व्यापार मंडल अध्यक्ष सतीश माहेश्वरी, संजय वार्ष्णेय, दिनेश चंद्र वार्ष्णेय, सीए लोकेश अग्रवाल, सीए राजीव वार्ष्णेय और सीए अवन सिंह सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों, वाणिज्य मंडलों, बार एसोसिएशन और सीए एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।