चैत्र नवरात्र को लेकर शहर पूरी तरह से भक्ति और उल्लास के रंग में रंगा नजर आ रहा है। देवी मंदिरों आकर्षक तरीके से सजाया गया है। नवरात्र के पहले दिन से ही काफी संख्या में श्रद्धालुओं के उमड़ने की संभावना है।
शहर के नौ देवी मंदिर, काली देवी मंदिर, श्री वार्ष्णेय मंदिर समेत अन्य मंदिर में पहले दिन कलश स्थापना कराई जाएगी। घरों में भी कलश स्थापना होगी। श्रद्धालु नाै दिन व्रत रखकर माता रानी की आराधना करेंगे। पहले दिन शुभ मुहूर्त में मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना होगी।
बाजारों में चहल-पहल बढ़ी : बाजारों में बुधवार को ग्राहकों ने मां दुर्गा की प्रतिमा, चौकी, मुकुट, चुनरी, माला, पोशाक आदि की खरीदारी की। शहर के महावीरगंज, बारहद्वारी, बड़ा बाजार, रेलवे रोड, नौरंगाबाद, अचलताल प्रमुख बाजारों में दुकानें आकर्षक तरीके से सज गई हैं। पिछले साल की अपेक्षा इस बार पूजा से जुड़ी सामग्री पर पांच रुपये से लेकर 20 रुपये तक की वृद्धि हुई है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ नवसंवत्सर का स्वागत : वार्ष्णेय युवा संगठन के बैनर तले बुधवार को नवसंवत्सर की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सहभोज का आयोजन श्री वार्ष्णेय महाविद्यालय के क्रीड़ा स्थल पर किया गया। इसमें पहुंचे अतिथियों को चंदन का टीका लगाकर पटका पहनाया गया।
कार्यक्रम में दिल्ली से आए कलाकारों ने धार्मिक नृत्य की प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विभाग सह संघ चालक ललित, विभाग कार्यवाह योगेश, विभाग प्रचारक गोविंद, महानगर प्रचारक रामजी, महानगर संघ चालक अजय सराफ, महानगर संघ कार्यवाह रतन मित्र के अलावा शहर विधायक मुक्ता राजा, कोल विधायक अनिल पाराशर, एमएलसी मानवेंद्र प्रताप सिंह, महापौर प्रशांत सिंघल, पूर्व महापाैर शकुंतला भारती शामिल हुए।