राजस्थानी नाइट में गाने की प्रस्तुति देते मामे खान ।
- फोटो : neeraj
राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी में कोहिनूर मंच पर सोमवार को राजस्थानी नाइट में लोक गायक मामे खान के गीतों पर दर्शक झूमते नजर आए। हालांकि नुमाइश के इस पहले बड़े आयोजन में दर्शकों की संख्या बेहद कम रही। जिससे पहली शाम फीकी नजर आई। दर्शकों की कमी के चलते रात आठ बजे शुरू होने वाली इस नाइट को काफी देर से शुरू किया गया। इसके बाद भी कोहिनूर मंच दर्शकों को अपनी ओर नहीं खींच सका।
कार्यक्रम का एडीएम सिटी राकेश पटेल, एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत, नगर आयुक्त गौरंग राठी, सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप वर्मा, तहसीलदार डॉ. गजेंद्र पाल ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया। राजस्थानी नाइट की शुरुआत में मामे खान ने वंदे मातरम के साथ की।
इसके बाद उन्होंने मां तुझे सलाम..., प्रीत की लत मोहे ऐसेे लागी हो गई मैं दीवानी..., तेरी काली अंखियों से नैन मेरे लागे..., मेरे रश्के कमर तूने पहली नजर... जैसे सुपर हिट गीतों के जरिए दर्शक दीर्घा में मौजूद दर्शकों के बीच अपनी उम्दा गायकी पेश कर उनकी न केवल तालियां बटोरी बल्कि उनके दिलों में अपनी छाप छोड़ने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी।
मंच पर दर्शकों की इस कमी को खुद मामे खान ने भी महसूस किया। उन्होंने मंच से ही कहा कि बेशक हम संख्या में बेहद कम लोग हैं लेकिन संगीत व गीतों के बीच ऐसा कतई महसूस न होने दिया जाए। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ की नुमाइश ऐतिहासिक है।