पूर्व सांसद व सपा नेता चौधरी बिजेन्द्र सिंह व अन्य ।
- फोटो : CITY OFFICE
पूर्व सांसद व सपा के वरिष्ठ नेता चौधरी बिजेंद्र सिंह ने कहा कि किसानों के संघर्ष व अखिलेश यादव की विजय रथ यात्रा से घबराकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कृषि कानून वापस लेने का एलान करना पड़ा। इसके लिए किसानों को बधाई देते हैं।
शुक्रवार को उन्होंने पत्रकारों से कहा कि प्रधानमंत्री ने पूर्वांचल एक्सप्रेस का उद्घाटन करने के बाद गाजीपुर सीमा से लेकर गोरखपुर तक सपा की विजय रथ यात्रा के स्वागत में उमड़ी भीड़ देखकर प्रधानमंत्री मोदी को कृषि कानून वापस लेना पड़ा, क्योंकि उन्हें उत्तर प्रदेश में भाजपा की जमीन खिसकने का अंदाजा हो गया है। अब भाजपा की विदाई उत्तर प्रदेश से होगी। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन में जो शहीद हो गए हैं, उससे उनके परिवारों के दिलों में जख्म है। अविश्वास पैदा हो गया है। उसी से दिल्ली हुकूमत भी भाजपा से दूर हो जाएगी।
बिजेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने किसान आंदोलन में शहीद किसानों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित नहीं की, बल्कि उन्हें आंदोलन जीवी बताया था। इस अवसर पर सपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष मनोज चौधरी, आईपी कश्यप आदि मौजूद रहे।