घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
- फोटो : amar ujala
महानगर के सिविल लाइंस क्षेत्र में मुरादाबाद एनएच स्थित कचहरी के सामने सोमवार मध्य रात्रि कांवड़ियों से भरा लोडर टैंपो डिवाइडर से टकराकर पलटने से दर्जन भर तीर्थ यात्री जख्मी हो गए। खबर पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन इन घायलों को जिला अस्पताल भेजा। इस दौरान काफी देर तक मौके पर चीख पुकार का माहौल बना रहा। मध्य रात्रि तक घायलों का इलाज चल रहा था। राजस्थान भरतपुर के गांव बछां मदी गांव से लोडर टैंपो में सवार होकर दर्जनभर यात्री कांवड़ लेने रामघाट गंगा घाट जा रहे थे।
गांव का ही परमानंद टैंपो चला रहा था। मध्य रात्रि जैसे ही टैंपो कठपुला पार कर कचहरी के सामने पहुंचा, तभी ड्राइवर को नींद का झोका आ गया और टैंपो अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर पलट गया। इससे मौके पर चीख पुकार मच गई। इस पर पास ही दुकानों में सो रहे लोगों की नींद खुल गई। उन्होंने शोर सुनकर घायलों को बाहर निकालकर एक तरफ बैठाते हुए पुलिस को खबर दी। सूचना पर सिविल लाइंस पुलिस व एंबुलेंस पहुंच गई। तत्काल घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जहां सात लोगों के गंभीर चोट होने पर उन्हें भर्ती किया गया है। घायलों में लक्ष्मी देवी (54) पत्नी थाना सिंह, गुड़िया (30) पत्नी वीरेंद्र, राधा (28) पत्नी कृष्णा, चेतन (12) पुत्र परमानंद, रानी (30) पत्नी सतीश, वीरेंद्र (40) पुत्र प्रीतम सिंह, सुआ देवी (55) पत्नी भगवान को भरती किया गया है। बाकी चार-पांच लोगों के मामूली चोटें आई हैं। जो घायलों की तीमारदारी में लगे हैं। सिविल लाइंस पुलिस के अनुसार सभी लोग एक ही गांव और एक ही परिवार से ताल्लुक रखते हैं।