मंगलवार की शाम करीब पांच बजे सोफा चौकी क्षेत्र में एक ढाबे के समीप अज्ञात वाहन ने टेंपो में टक्कर मार दी। इससे टेंपो चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बताते हैं कि यह टेंपो खैर से जेवर की तरफ जा रहा था। हादसे में टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टेंपो चालक 30 वर्षीय दिनेश पुत्र सूरजपाल निवासी फतेहपुर थाना खैर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय निवासियों ने तत्काल ही उन्हें खैर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वह चार भाई और एक बहन में तीसरे नंबर पर थे। उनकी पत्नी और तीन बेटियों का रोकर बुरा हाल था।