तालानगरी की सड़क नंबर 6,10 एवं 18 को गड्ढा मुक्त किया जाएगा। अगले सप्ताह से इस पर काम शुरू हो जाएगा। मंगलवार को उद्योग बंधु की मासिक बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास निगम अगले सप्ताह से सड़कों को निर्माण का काम शुरू कर देगा। साथ ही डीएम ने उद्योग बंधु को डिफेंस कॉरिडोर में जमीन खरीदकर यूनिट स्थापित करने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि जमीन खरीद के लिए वह जिला प्रशासन के माध्यम से या फिर सीधे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने निर्देश दिए कि उद्यमी जनपद के श्रमिकों को अपने संस्थानों में रोजगार अवश्य दें। सभी एक्सपोर्टर इस बैठक में आना सुनिश्चित करें। जीएम डीआईसी ने बैठक में बताया कि औद्योगिक इकाइयों को विद्युत छूट प्रदान किए जाने में आ रही समस्या का शीघ्र निस्तारण किया जाएगा। बैठक में एडीएम सिटी राकेश कुमार मालपाणी, एडीएम प्रशासन डीपी पाल, एडीएम वित्त एवं राजस्व विधान जायसवाल, सिटी मजिस्ट्रेट विनीत कुमार सिंह अन्य अधिकारी शामिल हुए।