अभी गभाना से खेरेश्वर चौराहे होते हुए 18 किमी पड़ रहा लोधा
नया रोड सोमना हैड से लोधा तक केवल 14 किमी, सुरक्षित रास्ता
चार किमी का रास्ता कम होगा, समय और ईंधन दोनों बचेगा
प्रमुख सचिव पीडब्ल्यूडी ने निरीक्षण कर दिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश
स्व. राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय तक जाने के लिए गभाना से लोधा तक सीधी रोड बनेगी। ये रोड सोमना हैड से लोधा तक जाने वाले बंबे की पटरी पर बनी पुरानी सड़क पर बनेगी, जो वर्तमान में गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। अभी ये ढाई मीटर चौड़ी डामर रोड है, जिसे पांच मीटर चौड़ा कर नये सिरे से बनाया जाएगा।
वर्तमान में यहां के लोगों को लोधा जाने के लिए जीटी रोड हाईवे से श्रीखेरेश्वर धाम होते हुए अलीगढ़-पलवल हाईवे से लोधा जाना पड़ता है। नई सड़क बनने के बाद वह गभाना से सीधे लोधा पहुंचेंगे। इससे जीटी रोड हाईवे से अलीगढ़-पलवल हाईवे पर आने वालों को भी शार्टकट मिल जाएगा। पीडब्ल्यूडी के प्रमुख सचिव एवं जिले के नोडल अधिकारी नितिन रमेश गोकर्ण ने मंगलवार को यहां मौका मुआयना कर अधिकारियों को जल्द से जल्द इसका प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिये हैं।
पीडब्ल्यूडी नोडल कार्यालय के एक्सईएन एके शर्मा ने बताया कि इस संबंध में बुधवार को सीडीओ अनुनय झा से वार्ता कर सर्वे कराया जाएगा। सर्वे के बाद प्रस्ताव बना कर विभाग को भेजा जाएगा। प्रस्तावित रोड एनएच 91 जीटी रोड हाईवे और अलीगढ़-पलवल स्टेट हाईवे को जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करेगी, जिससे संपूर्ण इलाके में विकास हो सकेगा।
गभाना कस्बे से दो किमी दूर सोमना हैड से शुरू होने वाले बंबे की पटरी से जुड़े भीमपुर, रायपुर, पैराई, हसनपुर, चौमुंहा, कोरह रुस्तमपुर, सूजापुर, सिखारन, लोधा गांव के हजारों लोगों को इसका लाभ मिलेगा। छात्र छात्राओं को वाया खेरेश्वर चौराहे हाईवे का जोखिम भरा सफर नहीं करना होगा। वह सीधे गभाना से राजा महेंद्र प्रताप विवि पहुंच जाएंगे। नई सड़क लगभग पांच मीटर चौड़ी तय मानकों के अनुसार बनेगी।
भाजपा नेता आरपी सिंह (राष्ट्रीय सह प्रभारी केंद्रीय कार्यक्रम एवं बैठक) के सुझाव पर मंगलवार को विभागीय टीम मौके पर पहुंची थी, जिसके बाद इस प्रस्ताव पर काम शुरू हो गया है। इस मौके पर सीडीओ अनुनय झा, एडीएम फाइनेंस विधान जायसवाल, एसडीएम गभाना प्रवीण यादव, दिनेश कुमार सिंह एडवोकेट, धर्मेंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह और महेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।