नुमाइश के समापन के बाद खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़। नीरज कुमार
- फोटो : CITY OFFICE
कोविड के नए वैरिएंट के खतरे के बीच युवा अपना एवं अपनों का विशेष ख्याल रखें। सबसे अधिक संक्रमित युवा ही हो रहे हैं। जनपद में सक्रिय 610 मरीजों में 400 से अधिक की आयु 18 से 44 वर्ष की है।
जेएन मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक प्रो. एच खान कहते हैं कि युवा सबसे अधिक रिस्क में होते हैं, इसलिए उनको सबसे अधिक सावधानी भी बरतनी होगी। उनके कंधे पर घर-परिवार एवं देश की जिम्मेदारी होती है। यहीं वर्ग है जो रोजी-रोजगार के लिए सबसे अधिक घर से बाहर निकलता है। पढ़ाई या अन्य कार्यों के सिलसिले में भी युवा बाहर निकलते हैं। यहीं कारण है कि युवा वर्ग सबसे अधिक संक्रमित हो रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि युवाओं को अपना एवं अपनों का ख्याल रखना चाहिए। मंडल के सर्विलांस अधिकारी डॉ. देवेंद्र वार्ष्णेय कहते हैं कि नौकरी, व्यापार एवं पढ़ाई के सिलसिले में युवा बाहर निकलते हैं। उनके कंधे पर जिम्मेदारी होती है। इस क्रम में वह लोगों के संपर्क में आते हैं। महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. शोएब अंसारी का कहना है कि मास्क एवं दूरी के साथ ही युवा टीका जरूर लगवा लें। बिना मास्क लगाए लोगों को घूमते देखकर दुख होता है।
सीएमओ ऑफिस में छह संक्रमित, तीन काम पर लौटे
अलीगढ़। सीएमओ कार्यालय छह लोग नए साल में कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। इसमें पांच तो डॉटा मैनेजर कार्यालय के हैं। राहत की बात यह है कि छह में से तीन लोग मंगलवार को काम पर लौट आए हैं। कोरोना संक्रमित मरीजों का डॉटा तैयार करने की जिम्मेदारी इन्हीं लोगों पर है। इसके अतिरिक्त कोरोना का नमूना लेने वाले दो एलटी भी संक्रमित हुए हैं। संक्रमित सभी आठ लोग युवा है। संवाद