शपथ रखी किनारे, लगाने लगे नारे, जूते-चप्पल उतारे
- फोटो : Dig Vishal
नगर निगम के शपथ ग्रहण समारोह में शपथ लेने के लिए माइक पर आए पार्षदों की नारेबाजी से माहौल बिगड़ गया। जिसमें मुशर्रफ के उर्दू में शपथ के प्रकरण ने ताबूत में आखिरी कील ठोंकने का काम किया। इसके बाद तो हंगामा करने वालों ने जूते-चप्पल तक उतार लिए।
मंगलवार दोपहर 12.34 बजे नव निर्वाचित मेयर के आते ही नारेबाजी शुरू हो गई। दोपहर 12 बजे से शुरू होने वाले कार्यक्रम के लिए विधायकों और पार्षदों के साथ अतिथियों के आने का सिलसिला सुबह 11 बजे से ही शुरू हो गया था। भाजपा के शहर विधायक संजीव राजा कार्यक्रम में समय से पहुंचे। नारेबाजी होने पर कार्यक्रम संचालक के साथ ही कमिश्नर सुभाष चन्द्र शर्मा ने लोगों से व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। फिर कमिश्नर ने नगर आयुक्त संतोष शर्मा को कार्यक्रम शुरू कराने की घोषणा करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने घोषणा की।
पार्षदों की शपथ के लिए जैसे ही वार्ड 1 से 14 तक के पार्षदों को बुलाया गया, तो वार्ड 13 सुरक्षा विहार से पार्षद पूरन सिंह ने भारत माता की जय के नारे लगाने शुरू कर दिए। माइक से नारे लगते ही भाजपाइयों ने भी साथ दिया। इस पर बसपाई भी जय भीम के नारे लगाने लगे। जब वार्ड संख्या 15 से 28 तक के पार्षदों को शपथ ग्रहण को बुलाया गया, तो वार्ड संख्या 26 से पार्षद हेमंत गुप्ता ने जय श्रीराम और भारत माता की जय के नारे लगाने शुरू किए तो फिर माहौल गरम हुआ। इसके बाद जब अगले क्रम के पार्षद आए तो पार्षद अनीता ने भारत माता की जय के नारे लगाने शुरू किए।
इसके साथ ही एक पार्षद ने नारा ए तकबीर अल्लाहू अकबर लगाना शुरू कर दिया। दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। अब तीन तरह के नारे लग रहे थे। जय श्रीराम और भारत माता की जय। जय भीम और नारा ए तकबीर अल्लाहू अकबर जैसे जैसे नारों की आवाज बुलंद होती गई, वैसे-वैसे ही माहौल गरम होता गया।