शहर के प्रसिद्ध उद्योगपति रमेश चंद्र सिंघल के बाद अब उनके साथ रहने वाले सहायक, मैनेजर और उसकी पत्नी व ड्राइवर के स्वाइन फ्लू की चपेट में आने के बाद मंगलवार को उनके ड्राइवर की पत्नी को भी स्वाइन फ्लू की आशंका जताई गई है। महिला को मलखान सिंह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस तरह रमेश चंद्र सिंघल सहित उनसे जुड़े छह अन्य लोगों के स्वाइन फ्लू की चपेट में आने की स्थिति बनी है।
पिछले दिनों शहर के प्रमुख उद्यमी रमेश चंद्र सिंघल की तबियत खराब होने के बाद उन्हें स्थानीय नर्सिंग होम ले जाया गया। यहां से नोएडा के अपोलो हास्पिटल भेज दिया गया। यहां पर जांच में स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि हुई।
यहां पर उनकी तबियत में सुधार है। गत शनिवार को रमेश चंद्र सिंघल के साथ हर समय रहने वाले उनके सहायक वीरेंद्र सिंह और मैनेजर प्रदीप कुमार शर्मा व उसकी पत्नी, ड्राइवर पप्पू को भी स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। इन सभी का उपचार चल रहा है। मंगलवार को रमेश सिंघल के ड्राइवर पप्पू की पत्नी रेखा को भी स्वाइन फ्लू की आशंका के चलते जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एसीएमओ डॉ. पीके शर्मा कहते हैं कि सरकारी अस्पतालों में इसके लिए टैमी फ्लू दवा का स्टाक रखने के लिए कहा है। जो स्टाफ इस से पीड़ित मरीजों का उपचार करेगा, उनका वैक्सीनेशन किया गया है। इसके अलावा अब यह बीमारी सूअरों से नहीं फैल रही बल्कि मनुष्यों से मनुष्यों में सांस के जरिए फैल रही है। विभाग इसको लेकर पूरी तरह अलर्ट है।