धनीपुर हवाई पट्टी पर मंगलवार को सुबह निजी कंपनी एयर चार्टर्ड सर्विसेज का एक चार्टर्ड प्लेन क्रैश हो गया। यह हादसा हवाई पट्टी के विस्तारीकरण के तहत बनाई जा रही नई हवाई पट्टी पर सुबह साढ़े आठ बजे के करीब हुआ।
लैंडिंग के समय चार्टर्ड प्लेन का अगला पहिया हवाई पट्टी के ऊपर से जा रही 33 केवी लाइन में फंस गया। इससे प्लेन में आग लग गई। ऐन मौके पर मुख्य द्वार खुल जाने के कारण दोनों पाइलट एवं तकनीकी टीम के चारों सदस्य बाल बाल बच गए। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की चार दमकलों ने खासी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक प्लेन जलकर राख हो चुका था। हादसे की जांच के लिए डायरेक्टर जनरल सिविल एवीएशन की टीम दोपहर बाद मौके पर पहुंच गई है।
इधर डीएम ने भी हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच बैठाते हुए सिटी मजिस्ट्रेट को जांच अधिकारी नामित किया है।
इन दिनों धनीपुर हवाई पट्टी को मिनी एयरपोर्ट में तब्दील करने के लिए काम चल रहा है। अब तक धनीपुर हवाई पट्टी पर 1200 गुणा 24 मीटर के रनवे को हवाई जहाजों के अनुकूल बनाने के लिए तीन किलोमीटर लंबा किया गया है। रनवे तो बनकर तैयार है, लेकिन इस पर अभी मार्किंग नहीं हुई है और इस हवाई पट्टी के ऊपर से जा रही 33केवी विद्युत लाइन को भी अंडरग्राउंड करने का काम चल रहा है।
हवाई जहाजों के मेंटीनेंस का काम करने वाली धनीपुर हवाई पट्टी पर सक्रिय निजी एयर चार्टर्ड सर्विसेज कंपनी से मंगलवार को सेसना कंपनी के साइटेशन एक्सेल चार्टर्ड प्लेन वीटीएवीवी को लेकर पायलट कैप्टन किशोर व कैप्टन दीपक तकनीकी टीम के चार सदस्यों आनंद कुमार, रामप्रकाश गुप्ता, प्रभात त्रिवेदी एवं कार्तिक अलीगढ़ आए। सुबह करीब 8:30 बजे धनीपुर हवाई पट्टी पर लैंडिंग के समय पायलट ने गलती से पुरानी हवाई पट्टी के बजाय नई हवाई पट्टी पर प्लेन को लैंड कराने की कोशिश की।
लैंड करते वक्त हाल में निर्मित अतिरिक्त रनवे के ऊपर से गुजर रही बिजली की हाईटेंशन लाइन से प्लेन का अगला पहिया टकरा गया। इससे प्लेन अनियंत्रित हो गया और करीब दौ सौ मीटर दूर जाकर रनवे पर जा गिरा। इसके बाद प्लेन घिसटते हुए रनवे किनारे घास में जा पहुंचा और आग का गोला बन गया। आग लगने से पहले ही दोनों पायलट और चारों तकनीकी टीम के सदस्य उसमें से कूद गए।
हादसा देख वहां मौजूद स्टॉफ में खलबली मच गई। सूचना पर दमकल की चार गाड़ियां, क्वार्सी और गांधी पार्क थाना पुलिस पहुंच गई। दमकल ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद मौके पर एडीएम सिटी राकेश मालपाणी, एसपी सिटी अभिषेक, सिटी मजिस्ट्रेट सहित अन्य अधिकारी पहुंच गए। उन्होंने मौका मुआयना कर बैरीके डिंग करा दी। दोपहर में विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम और दोपहर बाद डायरेक्टर जनरल सिविल एवीएशन की टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
इधर डीएम ने भी हादसे की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेटी जांच बैठा दी है। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट विनीत कुमार सिंह को जांच अधिकारी नामित किया है।
अलीगढ़ में धनीपुर हवाई पट्टी पर प्राइवेट चार्टर प्लेन क्रैश। - फोटो : CITY OFFICE
अलीगढ़ में धनीपुर हवाई पट्टी पर प्राइवेट चार्टर प्लेन क्रैश। - फोटो : CITY OFFICE