जवां। खाद्य एवं औषधि सुरक्षा, बांट माप विभाग और जिला पूर्ति कार्यालय की संयुक्त टीम ने जवां में एक मिठाई और चाय की दुकान पर छापा मारा। यहां से मिठाई के नमूने भर कर, दो घरेलू गैस सिलिंडर जब्त किए गए। दुकान संचालित कर रहे दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
दुकान पर उपस्थित अब्दुल चमन खां सिद्दकी व उसका भाई मकबूल पुत्रगण सुलेमान निवासी नगर पंचायत जवां ने बयान दिया कि दुकान दोनों की है। मकबूल के द्वारा टीम से अभद्रता की गई व जांच कार्य में विघ्न उत्पन्न किया गया।
आपूर्ति निरीक्षक गभाना शिवकुमार त्यागी ने दोनों भाईयों के खिलाफ थाना जवां में रिपोर्ट दर्ज कराई है। नगर पंचायत जवां निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर यह कार्रवाई हुई थी। जांच टीम में लालजी पाल क्षेत्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी, प्रीयेश सिंह, अनिल कुमार, जवाहर लाल, विधि माप विज्ञान अधिकारी व पूर्ति लिपिक दिनेश कुमार पटेल, प्रमोद कुमार शामिल थे।