रेलवे जंक्शन का फिर से स्वच्छता सर्वे होगा। इस सर्वे में साफ-सफाई, यात्री सुविधा, कूड़ा प्रबंधन, ध्वनि प्रदूषण, वायु प्रदूषण, सुरक्षा व्यवस्था, शौचालयों की स्थिति, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था आदि की परख होगी। इसके आधार पर नंबर जारी होंगे और उन नंबरों के आधार पर रैंक मिलेगी। रैंकिंग में सुधार के लिए रेलवे तैयारियों में जुट गया है। आधुनिक मशीनों से प्लेटफार्म पर साफ-सफाई हो रही है। पेयजल व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। सर्कुलेटिंग एरिया में ठेल वालों को ठहरने नहीं दिया जा रहा है।
अलीगढ़ जंक्शन पर बेहतर साफ-सफाई व यात्री सुविधाओं के दावे होते रहते हैं। लेकिन इन दावों की हर साल रैंकिंग से पोल खुल जाती है। 2017 में अलीगढ़ जंक्शन की रैंकिंग 200वीं आई थी। 2018 में 213 वीं रैंक पर पहुंच गया था। 2019 की स्वच्छता रैंकिंग में 167 पायदान लुढ़क कर देश के कुल 611 स्टेशनों में 380वीं रैंकिंग ला पाया था। 2020 में कोरोना के चलते स्वच्छता सर्वे हो नहीं पाया था।
31 मार्च तक आ सकती है टीम
स्वच्छता सर्वे एनजीटी के आदेश पर होता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड इसकी मॉनिटरिंग करता है। इस साल इटावा और टूंडला जंक्शन का सर्वे हो चुका है। अब अलीगढ़ का होना बाकी है। बताया जा रहा है कि 31 मार्च तक टीम आ सकती है। दो से तीन दिन में यह टीम सर्वे करेगी। इस दौरान टीम भौतिक सर्वेक्षण करने के साथ ही यात्रियों से भी बातचीत करेगी। सर्वे के दौरान जो भी खामियां मिलेंगी, उनका नुकसान रैंकिंग में उठाना पड़ेगा।
अलीगढ़ जंक्शन को स्वच्छता सर्वे में अव्वल लाने का प्रयास किया जा रहा है। यह स्टेशन एनएसजी-3 लेवल का है। कोरोना काल में ट्रेनों के बंद रहने के दौरान यहां काफी समय मिला, जिसमें स्टेशन की सूरत को सुधारने का काम किया गया।
- डीके गौतम, अलीगढ़ जंक्शन, अधीक्षक
स्वचालित सीढ़ियां एक अप्रैल से हो जाएंगी चालू
अलीगढ़। रेलवे जंक्शन के हावड़ा छोर पर बन रहीं स्वचालित सीढ़ियां एक अप्रैल से चालू हो जाएंगी। सांसद सतीश गौतम इसका उद्घाटन करेंगे। लगभग 70 प्रतिशत काम पूरा हो गया है।
अलीगढ़ जंक्शन के सिटी साइड गेट से आने वाले यात्रियों को हावड़ा छोर पर बने एफओबी पर चढ़ने के लिए अब मेहनत नहीं करनी पड़ेगी। इस एफओबी पर चढ़ने के लिए प्लेटफार्म सात की साइड में स्वचालित सीढ़ियां बनाई जा रही हैं। प्लेटफार्म तीन/चार पर भी उतरने के लिए स्वचालित सीढ़ियां बनाई जा रही हैं। स्टेशन अधीक्षक डीके गौतम के मुताबिक एक अप्रैल से पहले यह काम पूरा हो जाएगा।