अज्जू के समर्थकों ने जोश में खोया होश, पुलिस ने भांजी लाठियां
- फोटो : Rupesh
कोल विस क्षेत्र से सपा प्रत्याशी अज्जू इसहाक के जुलूस में शामिल हुए कुछ हुड़दंगियों ने पहले तस्वीर महल पेट्रोल पंप और उसके बाद शमशाद मार्केट पर बने बैरियर पर जमकर हंगामा किया। इन युवाओं ने पुलिस के साथ धक्कामुक्की कर अभद्रता भी की। शमशाद मार्केट से गुट में तस्वीर महल पेट्रोल पंप पहुंचे एक युवक ने एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव की नेमप्लेट की ओर इशारा कर पूछा तुम कौन हो..? जिस पर एसपी सिटी और उनके साथ खड़े सीओ को गुस्सा आ गया। युवक को हमराह सिपाहियों ने पीट दिया।
इस पर युवक ने अज्जू को फोन मिलाने की मुद्रा दिखाते हुए कहा कि अज्जू भाई आपका भाई पिट रहा है..। इसी दौरान कुछ युवाओं ने अपनी बाइक पर लगे फायर करने के आवाज वाली एक्सीलेटर को खींच दिया। जिससे पंप पर भट्ट भट्ट की आवाजें आने से अफरातफरी मच गई। पंप के सेल्समैन घबरा गए। पुलिस ने सभी युवाओं की बाइकों को सामने पोस्ट आफिस पर खड़ा कराने के बाद सिविल लाइन भेज दिया। उधम मचाने वाले युवाओं को पुलिस ने पीट पीट कर खदेड़ दिया।
इसके बाद ही शमशाद मार्केट बैरियर को तोड़ने में भी युवाओं ने ताकत दिखाई। यहां पुलिस और युवाओं के बीच खूब धक्कामुक्की हुई। पुलिस ने भीड़ का संभालने के लिए हवा में पहले लाठियां भांजी लेकिन जब इसके बाद भी युवा नहीं माने तो लाठियां चला कर कुछ हुड़दंगियों को बाहर किया। यहां पर कुछ युवाओं को थोड़ी चोट भी लग गई लेकिन युवाओं का जोश कम नहीं हुआ। नारेबाजी होती रही। यहां से वाहनों को छोड़ कर अज्जू इसहाक और उनके समर्थक कलक्ट्रेट पहुंचे। तकरीबन डेढ़ घंटे तक इस जुलूस और पुलिस के बीच जमकर जोरआजमाइश हुई, लेकिन पुलिस ने किसी की चलने नहीं दी।
इस संबंध में एसपी सिटी ने कहा है कि कुछ युवा बहुत जोश में थे और पुलिस के साथ अभद्रता कर रहे थे ऐसे लोगों पर सख्ती दिखाई गई है। कलक्ट्रेट परिसर में किसी को भी अशांति नहीं फैलाने दी जाएगी। आचार संहिता का पालन कराया जाएगा। बाइकों को सिविल लाइन थाने भेज दिया गया है। एसपी सिटी का कहना है कि प्रतिबंधित क्षेत्र में हुड़दंग कर रहे लोगों को बल प्रयोग कर भगा दिया गया। जो पांच बाइकें जब्त की हैं, उनके स्वामियों पर आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया है।